पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी टकराव के बीच ईरान ने अब जवाब देने की रणनीति को नया रूप दे दिया है। सैन्य और कूटनीतिक मोर्चे के साथ-साथ वह सोशल मीडिया पर भी तीखे और व्यंग्यात्मक अंदाज में सक्रिय नजर आ रहा है।
दुनियाभर में मौजूद ईरानी दूतावास अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल को निशाने पर लेते हुए चुटीले पोस्ट साझा कर रहे हैं। इन पोस्टों के जरिए ईरान एक तरह से डिजिटल स्तर पर भी अपनी आक्रामक मौजूदगी दर्ज करा रहा है।
‘पिक्चर अभी बाकी है’ से संदेश
मुंबई स्थित ईरान के महावाणिज्य दूतावास ने ट्रंप की चेतावनियों का जवाब बॉलीवुड अंदाज में दिया। शाहरुख खान के मशहूर डायलॉग—“ये तो सिर्फ ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है”—का इस्तेमाल कर यह संकेत दिया गया कि ईरान की प्रतिक्रिया अभी और देखने को मिल सकती है।
नौसेना पर दावे का जवाब
ट्रंप के उस दावे पर भी तंज कसा गया, जिसमें उन्होंने ईरानी नौसेना के खत्म होने की बात कही थी। ईरान ने कहा कि उसकी तेज रफ्तार मिसाइल नौकाएं अब भी सक्रिय हैं और जवाब देने के लिए तैयार हैं।
ग्लोबल स्तर पर एक जैसी रणनीति
मुंबई के अलावा लंदन, अंकारा, बेरूत, घाना, दक्षिण अफ्रीका और जिंबाब्वे समेत कई देशों में ईरानी दूतावासों ने इसी तरह के व्यंग्यात्मक पोस्ट किए हैं। कहीं ट्रंप के बयानों का मजाक उड़ाया गया, तो कहीं इजरायल की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए।
वीडियो और व्यंग्य से जवाब
दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने एक म्यूजिकल वीडियो शेयर कर ट्रंप की नीतियों पर कटाक्ष किया, जिसमें नाकेबंदी को लेकर संदेश देने की कोशिश की गई।
पायलट मामले पर भी बयानबाजी
हाल ही में ईरान में गिरे अमेरिकी लड़ाकू विमान के पायलट को लेकर भी प्रतिक्रिया सामने आई। कुछ दूतावासों ने दावा किया कि ईरान में कैदियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाता है और वहां सुरक्षा बेहतर है।
इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि ईरान अब सिर्फ पारंपरिक जवाब तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए भी अपने विरोधियों को जवाब देने की रणनीति पर काम कर रहा है।
Comments are closed.