हज के लिए उड़ान: भारतीय जायरीनों का पहला दल सऊदी अरब पहुंचा

5

वार्षिक हज यात्रा की औपचारिक शुरुआत के साथ भारत से जायरीनों का पहला जत्था शनिवार को सऊदी अरब पहुंच गया। इसकी जानकारी भारतीय दूतावास ने दी।

मदीना हवाई अड्डे पर इस जत्थे का स्वागत भारत के राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान, महावाणिज्यदूत फहद सूरी और सऊदी हज मंत्रालय के अधिकारियों ने किया। आगमन के बाद अधिकारियों ने यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

राजदूत ने एयरपोर्ट पर सुविधाओं का निरीक्षण किया और हज यात्रियों की सहायता में जुटे भारतीय स्वयंसेवकों से बातचीत की। इससे पहले उन्होंने हज क्लीनिक और अन्य इंतजामों की भी समीक्षा की थी, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

दूतावास ने सभी भारतीय जायरीनों को सुरक्षित, सुगम और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध हज यात्रा की शुभकामनाएं दी हैं। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष हज के लिए भारत से करीब 1,75,025 जायरीनों के सऊदी अरब पहुंचने की संभावना है।

Comments are closed.