देश में गर्मी का प्रहार: छत्तीसगढ़ 45°C, दिल्ली-UP में भी चढ़ा पारा

4

अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव अब समुद्री मोर्चे पर और तेज हो गया है।

शनिवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर हालात फिर बिगड़ गए, जहां ईरान ने सख्त रुख अपनाते हुए जहाजों की आवाजाही पर नियंत्रण कड़ा कर दिया है। करीब 50 दिनों से जारी इस तनाव का अभी तक कोई हल नहीं निकल पाया है। ईरान ने संकेत दिया है कि अगर अमेरिका द्वारा उसके बंदरगाहों पर दबाव और नाकाबंदी जारी रहती है, तो होर्मुज और ओमान सागर के रास्ते गुजरने वाले जहाजों पर पूर्ण प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।

‘ईरान की अनुमति से ही होगा आवागमन’

ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ ने स्पष्ट कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अब तेहरान के पूर्ण नियंत्रण में है। उन्होंने चेतावनी दी कि मौजूदा हालात में इस अहम समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को ईरान की अनुमति लेनी होगी।

उनका कहना है कि जलडमरूमध्य की स्थिति का फैसला जमीनी हालात के आधार पर होगा, न कि किसी बाहरी दावे या बयान पर।

आईआरजीसी का सख्त संदेश

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने भी कहा है कि अमेरिका की कार्रवाई ‘युद्धविराम का उल्लंघन’ है। इसी के चलते होर्मुज को फिर से कड़े सैन्य नियंत्रण में ले लिया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को इस मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों पर ईरानी गनबोट्स ने फायरिंग की, जिनमें एक भारतीय झंडे वाला टैंकर भी बताया जा रहा है। घटना के बाद कई व्यावसायिक जहाजों ने अपना रूट बदल लिया।

ट्रंप के दावे पर सवाल

एक दिन पहले ही डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि होर्मुज “पूरी तरह खुला” है और वहां सामान्य गतिविधियां बहाल हो चुकी हैं। लेकिन ताजा घटनाओं ने इस दावे को कमजोर कर दिया है।

बातचीत जारी, लेकिन सख्त रुख कायम

ईरान ने यह भी बताया कि उसे अमेरिका की ओर से नए प्रस्ताव मिले हैं, जिनकी समीक्षा की जा रही है। हालांकि, उसने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह का समझौता देश के हितों से समझौता किए बिना नहीं होगा।

इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तान एक अहम मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और हाल ही में उसने दोनों देशों के बीच वार्ता की मेजबानी भी की, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।

क्यों अहम है होर्मुज?

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है। यहां किसी भी तरह का तनाव वैश्विक तेल आपूर्ति और अर्थव्यवस्था पर सीधा असर डाल सकता है, इसलिए इस क्षेत्र की हर हलचल पर दुनिया की नजर बनी हुई है।

Comments are closed.