लखनऊ में महिला आरक्षण बिल पर सियासी गर्मी, BJP की जन आक्रोश रैली में उमड़ा जनसैलाब
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास न होने के विरोध में मंगलवार को राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी ने जन आक्रोश रैली निकाली। रैली का नेतृत्व योगी आदित्यनाथ ने किया, जो कड़ी धूप के बावजूद हजारों महिलाओं के साथ सड़कों पर उतरे।
रैली के दौरान सीएम योगी ने धूप से बचने के लिए भगवा गमछा ओढ़ रखा था। उनके साथ डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, बीजेपी नेता पंकज चौधरी और ओपी राजभर भी मौजूद रहे।
रैली से शहर में ट्रैफिक प्रभावित
पदयात्रा के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया। हजरतगंज की ओर जाने वाली सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोहिया पथ, परिवर्तन चौक और कैंट रोड जैसे इलाकों में लोगों को तेज धूप में जाम का सामना करना पड़ा। यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सीतापुर से बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाएं
इस रैली में सीतापुर से ही 5 हजार से अधिक महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। उन्हें सुबह तड़के बसों और निजी वाहनों से लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
महिला आरक्षण पर सियासी टकराव
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लोकसभा में पारित न होने को लेकर भाजपा ने विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन किया। विधान भवन के सामने बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे और इसे महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए नाराजगी जताई।
रैली में प्रदेशभर से आई महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इसे बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन बना दिया।
Comments are closed.