जम्मू-कश्मीर को गलत तरीके से दिखाने पर नेपाल एयरलाइंस का माफीनामा

3

नेपाल एयरलाइंस को अपने एक विवादित “नेटवर्क मैप” पोस्ट के बाद आखिरकार माफी मांगनी पड़ी है।

गुरुवार, 30 अप्रैल को एयरलाइंस ने आधिकारिक बयान जारी कर उस गलती पर खेद जताया, जिसमें जम्मू-कश्मीर को गलत तरीके से पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया था। इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई थी।

विवाद बढ़ने के बाद एयरलाइंस ने पहले संबंधित पोस्ट हटा दी और फिर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर माफी जारी की। अपने बयान में कंपनी ने कहा, “हम हाल ही में शेयर किए गए नेटवर्क मैप में हुई गलती के लिए दिल से माफी मांगते हैं। इसमें अंतरराष्ट्रीय सीमाओं का गलत चित्रण किया गया था, जो नेपाल या नेपाल एयरलाइंस की आधिकारिक स्थिति को नहीं दर्शाता। हमने पोस्ट हटा दी है और इस मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी गलती न हो।”

एयरलाइंस ने यह भी कहा कि वह क्षेत्र के सभी देशों के साथ अपने संबंधों को बेहद महत्व देती है और इस घटना से अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उसे खेद है।

सोशल मीडिया पर उठा विरोध का तूफान
पोस्ट वायरल होते ही भारतीय यूजर्स ने इसे गंभीर चूक बताते हुए कड़ी आलोचना की। कई लोगों ने एयरलाइंस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, वहीं #BoycottNepalAirlines जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे। यूजर्स ने भारत सरकार के संबंधित मंत्रालयों को टैग कर इस मुद्दे पर ध्यान देने की अपील भी की।

लगातार बढ़ते दबाव और विवाद के बीच एयरलाइंस ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में अधिक सतर्क रहने का भरोसा दिया।

Comments are closed.