पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर शनिवार को पुनर्मतदान शुरू हो गया। सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, और लोग बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंच रहे हैं।
यह पुनर्मतदान 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान कथित गड़बड़ियों और ईवीएम से छेड़छाड़ की शिकायतों के बाद कराया जा रहा है। चुनाव आयोग ने जांच के बाद प्रभावित बूथों पर दोबारा मतदान का आदेश दिया था।
आयोग के मुताबिक, मगराहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर वोटिंग हो रही है। सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से प्रक्रिया शुरू हुई है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। आयोग ने स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी व्यापक रूप से प्रसारित करने और सभी उम्मीदवारों को लिखित सूचना देने के निर्देश भी दिए हैं।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि दूसरे चरण के दौरान ईवीएम से जुड़ी 77 शिकायतें दर्ज की गई थीं। जिन मामलों में गड़बड़ी की पुष्टि हुई, वहां निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुनर्मतदान जरूरी समझा गया।
हिंसा की आशंका को देखते हुए सभी 15 बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और चुनाव आयोग हाई अलर्ट पर है। उल्लेखनीय है कि राज्य में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ था, जिसमें इस बार रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई।
Comments are closed.