नेपाल में अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई, 2000 से ज्यादा ढांचे गिराए गए

4

नेपाल सरकार ने काठमांडू घाटी में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई तेज कर दी है।

शनिवार को नदी किनारों, सार्वजनिक और सरकारी जमीन पर बने सैकड़ों ढांचों को ध्वस्त किया गया। इस अभियान के तहत अब तक 2,000 से ज्यादा अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं। राजधानी के स्वयंभू, बालाजू और धोविखोला इलाकों में भारी सुरक्षा के बीच बुलडोजर चलाए गए। कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहे।

इससे पहले शुक्रवार को टेकू और बल्खु में भी अवैध ढांचों को गिराया गया था। वहीं, पिछले सप्ताह थापाथली, गैरिगांव और मनोहरा क्षेत्रों में भी इसी तरह का अभियान चलाया गया था।

सरकार का कहना है कि यह कदम नदी तटों को अतिक्रमण से मुक्त कराने और शहरी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उठाया गया है। हालांकि, विपक्ष ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा है कि प्रभावित लोगों के पुनर्वास और राहत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। उनका आरोप है कि लोगों को सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय भी नहीं मिला, जिससे उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

सरकार ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।

Comments are closed.