West Bengal Results: 4 मई को सिर्फ 293 सीटों की गिनती, चुनाव आयोग ने बताई वजह

2

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना सोमवार (4 मई) को होनी है, लेकिन इस बार सभी 294 सीटों के नतीजे एक साथ नहीं आएंगे। केवल 293 सीटों पर ही काउंटिंग होगी, क्योंकि एक सीट—फलता—पर चुनाव प्रक्रिया अभी अधूरी है।

फलता विधानसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल को मतदान के दौरान गंभीर गड़बड़ियों के आरोप लगे थे। चुनाव आयोग को मिली रिपोर्ट में मतदाताओं को डराने-धमकाने, बूथों पर अनधिकृत लोगों की मौजूदगी और संभावित छेड़छाड़ जैसी शिकायतों का जिक्र किया गया। इन हालातों को देखते हुए आयोग ने यहां पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया।

निर्देश के मुताबिक, दक्षिण 24 परगना जिले की फलता सीट के सभी 285 बूथों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होने वाले इस मतदान के बाद 24 मई को इस सीट की मतगणना होगी। इससे पहले शनिवार को पश्चिम मगराहाट और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर भी पुनर्मतदान कराया गया था।

फलता सीट पर तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर खान, भाजपा के देबांग्शु पांडा, कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला और माकपा के शंभू नाथ कुर्मी के बीच मुकाबला है। मतदान के दिन भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने आरोप लगाया था कि एक बूथ पर ईवीएम का बटन टेप से ढका हुआ था। बाद में केंद्रीय बलों ने हस्तक्षेप कर टेप हटाया और मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई गई।

Comments are closed.