गाल में चुनाव परिणामों के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं, जहां मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन राजनीतिक कार्यकर्ताओं की जान चली गई और कई इलाकों में हिंसा, आगजनी व तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।
न्यू टाउन में भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की कथित तौर पर पिटाई के बाद मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, विजय जुलूस के दौरान कहासुनी बढ़ने पर उन पर हमला किया गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, भाजपा समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया और कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की, जिसके बाद केंद्रीय बलों को तैनात करना पड़ा।
वहीं, बीरभूम के नानूर इलाके में टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, संतोषपुर गांव में विवाद के दौरान उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। टीएमसी ने इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि भाजपा ने आरोपों से इनकार करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हावड़ा के उदय नारायणपुर में भी भाजपा कार्यकर्ता यादव बर की मौत की खबर है। परिजनों का दावा है कि जश्न के दौरान नारेबाजी को लेकर उन पर हमला किया गया।
इसके अलावा टालीगंज, कस्बा, हावड़ा, उत्तर 24 परगना और मुर्शिदाबाद सहित कई इलाकों में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ स्थानों पर राजनीतिक दलों के कार्यालयों को निशाना बनाए जाने और आगजनी की भी खबरें हैं, हालांकि सभी घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इन घटनाओं को लेकर टीएमसी और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। दोनों दल एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगा रहे हैं।
निर्वाचन आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
Comments are closed.