मौसम फिर बदलेगा मिजाज, दिल्ली में बारिश और हिमाचल में बर्फबारी की चेतावनी

2

मई का महीना चल रहा है, लेकिन उत्तर भारत में अब तक भीषण गर्मी और लू का असर पूरी तरह नहीं दिखा है।

मौसम बार-बार करवट बदल रहा है और आने वाले दिनों में भी राहत और बारिश का दौर जारी रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR, हिमाचल प्रदेश, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों के लिए बारिश, तेज हवाएं और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

राजधानी दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में मौसम साफ रह सकता है, लेकिन सोमवार से मौसम फिर बदलने वाला है।

आईएमडी ने सोमवार और मंगलवार के लिए दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम समेत आसपास के इलाकों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। विभाग के मुताबिक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की भी संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ इस बदलाव की वजह बनेगा।

दिल्ली की हवा ‘मध्यम’ श्रेणी में

राजधानी की वायु गुणवत्ता भी एक बार फिर ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शनिवार शाम तक दिल्ली का औसत AQI 116 दर्ज किया गया। एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम ने अगले कुछ दिनों तक वायु गुणवत्ता के इसी श्रेणी में बने रहने का अनुमान जताया है।

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 12 और 13 मई के लिए शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 10 मई से सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी करा सकता है। पिछले 24 घंटों में सराहन में सबसे ज्यादा 25.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रोहड़ू, रामपुर और खदराला समेत कई इलाकों में भी हल्की बारिश हुई। केलांग में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार में तूफान और बारिश से भारी नुकसान

बिहार में पिछले कई दिनों से तेज आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। पटना समेत कई जिलों में तेज तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। राज्यभर में अब तक 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

बिहार सरकार में मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि शुक्रवार को कई इलाकों में 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चला, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। सरकार ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिया है।

राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी

एक तरफ जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और ठंडक का असर रहेगा, वहीं राजस्थान में तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में अगले पांच से छह दिनों तक लू चल सकती है।

हालांकि जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 11 और 12 मई को हल्की बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है। शनिवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान फलौदी में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Comments are closed.