फ्रांस में एक क्रूज शिप पर पेट संक्रमण के संभावित मामलों ने स्वास्थ्य अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है।
दक्षिण-पश्चिम फ्रांस में खड़े ‘एम्बिशन’ नाम के क्रूज शिप पर करीब 1700 यात्रियों को एहतियातन जहाज पर ही रोक दिया गया है। कई यात्रियों में उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द जैसे गैस्ट्रोएन्टराइटिस के लक्षण मिलने के बाद Norovirus संक्रमण की आशंका जताई जा रही है।
यह क्रूज शिप 8 और 9 मई को ब्रिटेन के Belfast और Liverpool से यात्रियों को लेकर फ्रांस और स्पेन की यात्रा पर रवाना हुआ था। फ्रांस के गिरोंद क्षेत्र की स्वास्थ्य एजेंसी के मुताबिक जहाज पर करीब 50 यात्रियों में पेट संबंधी बीमारी के लक्षण पाए गए हैं।
संक्रमण के मामलों के सामने आने के बाद प्रभावित यात्रियों को उनके केबिन में आइसोलेट कर दिया गया है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर Bordeaux में यात्रियों को उतरने की अनुमति फिलहाल रोक दी गई है। वहीं संक्रमित यात्रियों के सैंपल जांच के लिए Bordeaux University Hospital भेजे गए हैं।
इस बीच 10 मई को जहाज पर यात्रा कर रहे 92 वर्षीय एक यात्री की मौत भी हो गई। हालांकि क्रूज ऑपरेटर Ambassador Cruise Line ने साफ किया है कि मृत यात्री में पेट संक्रमण के कोई लक्षण नहीं थे। कंपनी ने कहा कि मौत के कारणों की पुष्टि कोरोनर की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
फ्रांस की स्वास्थ्य एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस घटना का किसी अन्य क्रूज शिप पर सामने आए हंटावायरस संक्रमण से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल जहाज पर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रोटोकॉल सख्ती से लागू किए गए हैं और यात्रियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
Comments are closed.