रूस का यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला, 1500 से अधिक ड्रोन और 100 मिसाइलें दागीं
रूस ने चार साल से जारी युद्ध के बीच यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है। बुधवार-गुरुवार की रात राजधानी कीव समेत कई बड़े शहरों को निशाना बनाते हुए 1,560 से अधिक ड्रोन और करीब 100 मिसाइलें दागी गईं। इन हमलों में भारी नुकसान और जनहानि की खबर है। कीव में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि अन्य क्षेत्रों को मिलाकर 11 से अधिक लोगों के मारे जाने और दर्जनों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि अधिकांश ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया, लेकिन जो हमले बच गए उन्होंने कई शहरों में गंभीर तबाही मचाई। कीव के 20 से अधिक स्थानों पर हमले हुए, जिसमें एक नौ मंजिला इमारत भी ढह गई। राहत और बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हमलों से कई आवासीय इमारतों के साथ-साथ पानी, बिजली और ऊर्जा ढांचे को भी गंभीर क्षति पहुंची है।
खार्कीव और ओडेसा समेत कई अन्य शहर भी हमलों की चपेट में आए, जहां बच्चों सहित कई लोग घायल हुए। ऊर्जा संयंत्रों पर हमलों के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और रेल व बंदरगाह सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस पर दबाव बढ़ाने और यूक्रेन की एयर डिफेंस क्षमता मजबूत करने के लिए अधिक सहायता देने की अपील की है।
Comments are closed.