उत्तर भारत आग की भट्ठी बना, दिल्ली और यूपी में हीटवेव से हाल बेहाल

3

उत्तर भारत इन दिनों प्रचंड गर्मी और लू की चपेट में है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में तापमान लगातार खतरनाक स्तर पर बना हुआ है।

उत्तर प्रदेश का बांदा बुधवार को लगातार चौथे दिन दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जहां अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले मंगलवार को यहां पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक कई इलाकों में भीषण लू चलने की चेतावनी दी है। शुरुआती दिनों के लिए येलो अलर्ट और बाद के दिनों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान के थार रेगिस्तान और पाकिस्तान के शुष्क क्षेत्रों से आने वाली गर्म हवाओं के कारण उत्तर भारत में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। रात में भी गर्मी कम नहीं हो रही, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।

उत्तर प्रदेश में बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल और पश्चिमी जिलों तक हालात गंभीर बने हुए हैं। लखनऊ, प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर, चित्रकूट, आगरा, कानपुर, वाराणसी और फतेहपुर समेत कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। गुरुवार और शुक्रवार को 11 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली के रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के रोहतक में पारा 46.9 डिग्री तक पहुंचा, जबकि पंजाब के बठिंडा में 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान का श्रीगंगानगर 46.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहा।

गर्मी का असर अब पहाड़ी राज्यों में भी दिखने लगा है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि हिमाचल प्रदेश के ऊना में पारा 44 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड हुआ। उत्तराखंड के देहरादून और मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है।

पूर्वी भारत में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। ओडिशा के झारसुगुड़ा में 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि कोलकाता में उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। तेलंगाना के कई हिस्सों में भी पारा तेजी से चढ़ रहा है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 25 मई से शुरू होने वाला नौतपा इस बार गर्मी के नए रिकॉर्ड बना सकता है। अगले कुछ दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।

भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और बेहोशी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की अपील की है।

प्रमुख स्थानों का तापमान
रोहतक-46.9
प्रयागराज- 46.4
दिल्ली- 45.8
बठिंडा- 46
कटड़ा- 44.6
श्रीगंगानगर– 46.5

Comments are closed.