मॉनसून की रफ्तार तेज, 8 राज्यों में झमाझम बारिश; दिल्ली में आज ठंडा रहेगा मौसम

3

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस बार तेज रफ्तार से देशभर में सक्रिय होता दिख रहा है। 4 जून को केरल तट से टकराने के महज 48 घंटे के भीतर ही मॉनसून ने 7 राज्यों में दस्तक दे दी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मॉनसून अब तक केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर और मिजोरम तक पहुंच चुका है। शनिवार को मॉनसून ने पूर्वोत्तर भारत में मणिपुर और मिजोरम में प्रवेश किया, जबकि गोवा, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी इसकी सक्रियता बढ़ी है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी के विभिन्न हिस्सों में भी मॉनसून आगे बढ़ रहा है।

IMD का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून तेलंगाना और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों तक पहुंच सकता है। वहीं आने वाले एक सप्ताह में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। IMD के अनुसार, शनिवार और रविवार को राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं, जबकि अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मध्य प्रदेश में भी मौसम पूरी तरह सक्रिय है और कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, खंडवा और शहडोल सहित कई जिलों में मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं इंदौर, भोपाल, उज्जैन और अन्य जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है, जिसमें भोपाल में 22.8 मिमी, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड हुई है।

Comments are closed.