दुनिया के 76% लोगों को ट्रंप के नेतृत्व पर भरोसा नहीं, कई देशों में गिरी लोकप्रियता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वैश्विक लोकप्रियता में गिरावट आई है। प्यू रिसर्च सेंटर के ताजा सर्वे के मुताबिक, दुनिया भर के अधिकांश लोगों ने अंतरराष्ट्रीय मामलों को संभालने में ट्रंप के नेतृत्व पर भरोसा नहीं जताया है। सर्वे में शामिल 76 प्रतिशत प्रतिभागियों ने कहा कि उन्हें ट्रंप के नेतृत्व पर विश्वास नहीं है, जबकि केवल 23 प्रतिशत लोगों ने उन पर भरोसा जताया।
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप की टैरिफ नीति, विदेश नीति और हाल के अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों ने उनकी वैश्विक छवि को प्रभावित किया है। सर्वे में शामिल 24 देशों में से 16 देशों में ट्रंप के प्रति भरोसा पिछले साल के मुकाबले कम हुआ, जबकि किसी भी देश में उनकी लोकप्रियता में बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई।
भारत में भी कम हुआ भरोसा
8 फरवरी से 13 मई के बीच किए गए इस सर्वे में 36 देशों के 42,151 लोगों की राय ली गई। भारत में 39 प्रतिशत प्रतिभागियों ने ट्रंप के नेतृत्व पर भरोसा जताया, जबकि 36 प्रतिशत ने उन पर भरोसा नहीं होने की बात कही। पिछले साल यह आंकड़ा 51 प्रतिशत था, यानी भारत में भी ट्रंप के प्रति विश्वास में गिरावट दर्ज की गई।
सर्वे में यह भी सामने आया कि 51 प्रतिशत भारतीय प्रतिभागियों ने वैश्विक मामलों को संभालने के मामले में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर भरोसा जताया।
इजरायल में मिला सबसे ज्यादा समर्थन
इजरायल उन देशों में शामिल रहा, जहां ट्रंप को सबसे अधिक समर्थन मिला। वहां 81 प्रतिशत प्रतिभागियों ने अमेरिका के प्रति सकारात्मक राय व्यक्त की, जबकि 66 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्हें ट्रंप के वैश्विक नेतृत्व पर भरोसा है।
इसके विपरीत, फ्रांस, जर्मनी और ग्रीस समेत कई यूरोपीय देशों में ट्रंप की लोकप्रियता में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मुस्लिम बहुल देशों में भी उनके प्रति भरोसा अन्य वैश्विक नेताओं की तुलना में कम पाया गया।
टैरिफ नीति रही सबसे अलोकप्रिय
सर्वे के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन की टैरिफ नीति को वैश्विक स्तर पर सबसे कम समर्थन मिला। केवल 18 प्रतिशत प्रतिभागियों ने इस नीति का समर्थन किया, जबकि 32 प्रतिशत लोगों ने अमेरिका की आव्रजन नीति को सकारात्मक बताया।
ब्रिटेन में 27 प्रतिशत, कनाडा में 17 प्रतिशत, जापान में 15 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया में 14 प्रतिशत, मेक्सिको में 11 प्रतिशत और जर्मनी में केवल 8 प्रतिशत लोगों ने ट्रंप की टैरिफ नीति का समर्थन किया। वहीं, केन्या एकमात्र ऐसा देश रहा, जहां 55 प्रतिशत प्रतिभागियों ने इस नीति के पक्ष में राय दी।
Comments are closed.