अफगानिस्तान बॉर्डर के पास पाकिस्तान का एक्शन, 29 आतंकियों को मार गिराने का दावा

1

पाकिस्तान ने रविवार को दावा किया कि उसकी सेना ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए सैन्य अभियान में 29 आतंकवादियों को मार गिराया।

समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, इस ऑपरेशन में जमीनी कार्रवाई के साथ-साथ आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हवाई हमले भी किए गए। पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि विश्वसनीय खुफिया इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सीमा क्षेत्र में अभियान शुरू किया। जमीनी ऑपरेशन के बाद आतंकवादियों के ठिकानों और पनाहगाहों को निशाना बनाकर ‘कैलिब्रेटेड स्ट्राइक’ की गई, जिसमें 29 उग्रवादियों के मारे जाने का दावा किया गया है।

यह सैन्य कार्रवाई कराची में सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर हुए आतंकी हमले की नाकाम कोशिश के एक दिन बाद हुई। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के मुताबिक, उस मुठभेड़ में छह हमलावर मारे गए, जबकि चार रेंजर्स जवान भी शहीद हुए थे।

हाल के महीनों में पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर सुरक्षा स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है। पाकिस्तान का आरोप है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लड़ाके अफगानिस्तान की सीमा के भीतर सुरक्षित ठिकानों से पाकिस्तान में हमलों को अंजाम दे रहे हैं। इस्लामाबाद कई बार अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर चुका है।

वहीं, अफगान तालिबान सरकार पाकिस्तान के इन आरोपों को लगातार खारिज करती रही है और कहती है कि वह किसी भी देश के खिलाफ अपनी जमीन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं देती।

Comments are closed.