बांग्लादेश के साथ रिश्ते सुधारने को तैयार भारत, विदेश मंत्रालय बोला- सकारात्मक और रचनात्मक संबंध चाहते हैं

0

बांग्लादेश के साथ संबंधों को लेकर भारत का रुख साफ, विदेश मंत्रालय बोला- सकारात्मक रिश्ते चाहते हैं

भारत ने बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत पड़ोसी देश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप रिश्ते बनाए रखने का इच्छुक है। हालांकि, बांग्लादेश के घरेलू राजनीतिक मामलों पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बांग्लादेश को लेकर भारत की नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दोनों देशों के बीच संबंध ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक समानताओं और जनता के आपसी संपर्क पर आधारित हैं।

तारिक रहमान के बयान पर भारत की प्रतिक्रिया

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जायसवाल से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की उस टिप्पणी पर सवाल पूछा गया, जिसमें उन्होंने अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शनों का जिक्र किया था।

इस पर भारतीय प्रवक्ता ने कहा कि भारत लगातार बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी संबंधों की वकालत करता रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश में चल रहे आंतरिक राजनीतिक घटनाक्रम पर भारत कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।

गौरतलब है कि तारिक रहमान ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग की आलोचना की थी। उन्होंने बिना भारत का नाम लिए सीमा पार शरण लेने वाले लोगों पर साजिश रचने का आरोप लगाया था।

समुद्री जहाजों पर हमलों को लेकर चिंता

विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों की निंदा करते हुए समुद्र में नाविकों की सुरक्षा को भारत के लिए महत्वपूर्ण बताया। मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

कतर में बंद पूर्व नौसेना अधिकारी पर भी नजर

प्रेस ब्रीफिंग में भारतीय नौसेना के पूर्व कमांडर पूर्णेंदु तिवारी का मामला भी उठा। विदेश मंत्रालय ने बताया कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर भारत कतर के अधिकारियों के संपर्क में है।

तिवारी को अगस्त 2022 में कतर में एक निजी कंपनी के लिए काम करने के दौरान जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह उन पूर्व भारतीय नौसैनिक अधिकारियों में शामिल हैं, जो फिलहाल कतर की हिरासत में हैं।

Comments are closed.