दिल्ली-यूपी-राजस्थान में 3 जुलाई से तेज बारिश के आसार, अरुणाचल-सिक्किम बाढ़ से बेहाल

2

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि अगले पांच से छह दिनों में मानसून के दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

वहीं, अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उत्तरी अरब सागर के शेष हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। राजधानी में सोमवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

मानसून की दस्तक से पहले रविवार को दिल्ली भीषण गर्मी और उमस से बेहाल रही। राजधानी में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा। उमस इतनी अधिक थी कि लोगों को तापमान 50.7 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, यह पिछले दो वर्षों का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 14 जून 2024 को न्यूनतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट का भी अनुमान है कि यदि मौजूदा परिस्थितियां बनी रहीं तो चार जुलाई तक मानसून दिल्ली पहुंच सकता है। स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पालावत के मुताबिक, पाकिस्तान से आने वाली शुष्क हवाएं और अरब सागर से आने वाली नम हवाएं आपस में टकरा रही हैं। इससे बादल तो बन रहे हैं, लेकिन पर्याप्त नमी नहीं मिलने के कारण व्यापक बारिश नहीं हो पा रही। साथ ही दिन के सबसे गर्म समय में बादलों का विकास होने से वर्षा की संभावना और कमजोर पड़ रही है।

पूर्वोत्तर में बारिश का कहर

जहां उत्तर भारत मानसून का इंतजार कर रहा है, वहीं पूर्वोत्तर के कई राज्यों में लगातार बारिश आफत बन गई है। अरुणाचल प्रदेश के केयी पेनयोर क्षेत्र में अचानक आई फ्लैश फ्लड में तीन लोगों की मौत हो गई। बाढ़ और भूस्खलन से कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और सड़कों समेत बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। राज्य के 10 जिले बारिश से प्रभावित हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि मौसम विभाग ने सोमवार तक कुछ इलाकों में 200 मिमी तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

सिक्किम के जोंगू क्षेत्र में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला। फिडांग और संकालांग को जोड़ने वाला बेली ब्रिज तेज बहाव में बह गया, जिससे पूरा इलाका राज्य के अन्य हिस्सों से कट गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Comments are closed.