दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने ली करवट, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश; गर्मी-उमस से मिली राहत
दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार सुबह से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। हालांकि, सुबह के समय हुई बारिश के कारण ऑफिस और स्कूल जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव और धीमी रफ्तार के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के भीतर मानसून के दिल्ली-एनसीआर पहुंचने की संभावना है। इसके चलते आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
बुधवार रात से ही आसमान में बादलों का डेरा था, लेकिन उमस कम नहीं हुई थी। गुरुवार सुबह अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और इसके बाद कई इलाकों में जोरदार बारिश शुरू हो गई। दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने उमस से राहत की सांस ली। हालांकि, कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम में यह बदलाव तापमान को सामान्य के करीब बनाए रखेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
Comments are closed.