बिश्नोई गैंग की धमकी के बाद कांग्रेस विधायक साजिद पठान को Y+ सुरक्षा, विधानसभा में गूंजा मामला
महाराष्ट्र के कांग्रेस विधायक साजिद पठान को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य शुभम लोणकर की ओर से मिली जान से मारने और फिरौती की धमकी का मामला गुरुवार को विधानसभा में जोर-शोर से उठा। विपक्ष ने विधायक की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा।
सदन में चर्चा के दौरान गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने घोषणा की कि साजिद पठान को Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इस श्रेणी के तहत उनकी सुरक्षा के लिए 11 प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे।
विपक्षी सदस्यों ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि को गैंगस्टर से धमकी मिलना गंभीर मामला है और सरकार को ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध और संगठित गैंगों की गतिविधियों पर भी चिंता जताई।
सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया कि विधायक की सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और धमकी की जांच भी की जा रही है। इस बीच विपक्ष ने किसानों की आत्महत्या के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की। जब यह मांग स्वीकार नहीं की गई तो कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर विरोध दर्ज कराया।
Comments are closed.