ओमान के तट के पास होर्मुज जलडमरूमध्य में सोमवार को एक तेल टैंकर पर कथित मिसाइल हमला हुआ, जिसके बाद जहाज में आग लग गई।
घटना की पुष्टि यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यूकेएमटीओ ने बताया कि दक्षिण की ओर जा रहे एक तेल टैंकर के पोर्ट (बाईं) साइड पर अज्ञात प्रक्षेपास्त्र से हमला हुआ, जिससे जहाज में आग लग गई। घटना के बाद संबंधित एजेंसियों ने जहाज की स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है।
अमेरिकी अधिकारियों का दावा, ईरान ने दागीं मिसाइलें
अमेरिकी मीडिया आउटलेट एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, दो अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है कि ईरानी सेना ने सोमवार रात होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाते हुए कम से कम दो मिसाइलें दागीं। अधिकारियों के मुताबिक, यूकेएमटीओ द्वारा जिस टैंकर पर हमले की जानकारी दी गई, उसके अलावा एक अन्य कारोबारी जहाज भी मिसाइल की चपेट में आया। दोनों जहाजों को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और ईरान की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
युद्धविराम के बीच फिर बढ़ा तनाव
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष विराम लागू है और दोनों पक्ष स्थायी शांति समझौते की दिशा में बातचीत कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना उस एक सप्ताह के अस्थायी समझौते की अवधि समाप्त होने के बाद हुई, जिसके तहत होर्मुज जलडमरूमध्य में हमले रोकने पर सहमति बनी थी।
एक्सियोस ने अपनी रिपोर्ट में यह भी दावा किया है कि घटना के बाद वाशिंगटन संभावित जवाबी कार्रवाई के विकल्पों पर विचार कर रहा है। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
होर्मुज को लेकर जारी है गतिरोध
हाल के दिनों में दोहा में अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता हुई थी, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य में अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही को लेकर कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी।
अमेरिका चाहता है कि अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक जहाज बिना किसी अतिरिक्त शर्त के इस मार्ग का इस्तेमाल कर सकें। वहीं, ईरान कथित तौर पर अपने तट के निकट निर्धारित समुद्री कॉरिडोर के उपयोग और जहाजों पर शुल्क लगाने की व्यवस्था की पैरवी कर रहा है।
दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल होर्मुज जलडमरूमध्य से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी तरह का सैन्य तनाव अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार के लिए गंभीर चिंता का विषय माना जाता है।
Comments are closed.