तेलंगाना में सीरियल किलिंग से दहशत: रेप पीड़िता के परिवार सहित 7 की हत्या, आरोपी फरार

1

तेलंगाना में सनसनीखेज हत्याकांड: जमानत पर छूटे POCSO आरोपी ने रेप पीड़िता समेत 6 लोगों की हत्या की, आरोपी फरार

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक सनसनीखेज सामूहिक हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है। शहाबाद थाना क्षेत्र में POCSO मामले में जमानत पर छूटे एक आरोपी ने कथित तौर पर नाबालिग रेप पीड़िता, उसकी मां और नानी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को भी मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है। वह रंगारेड्डी जिले के शहाबाद मंडल का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से एक नाबालिग से जुड़े POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज है। हाल ही में उसे इस मामले में जमानत मिली थी। आरोप है कि जेल से बाहर आते ही उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने एक ही रात दो अलग-अलग जगहों पर हत्याएं कीं। पहले उसने रेप पीड़िता, उसकी मां और नानी की हत्या की। इसके बाद अपने घर पहुंचकर पत्नी और दोनों बच्चों की भी जान ले ली।

वारदात के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन कर कथित तौर पर बताया कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है और अब आत्महत्या करने जा रहा है। हालांकि, इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किए गए हैं।

फ्यूचर सिटी के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी ने रात के दौरान दो स्थानों पर हत्याएं कीं। वारदात के बाद उसने अपने पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की मंशा और घटनाओं के क्रम की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

Comments are closed.