महाराष्ट्र में हॉस्टल का खाना खाने के बाद 40 छात्र बीमार, 25 अस्पताल में भर्ती

3

महाराष्ट्र के हॉस्टल में खाना खाने के बाद 40 छात्र बीमार, 25 अस्पताल में भर्ती; जांच शुरू

नंदुरबार: महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के शहादा स्थित समाज कल्याण विभाग के छात्रावास में खाना खाने के बाद 40 छात्र बीमार पड़ गए। छात्रों में फूड पॉइजनिंग और गैस्ट्राइटिस जैसे लक्षण मिलने के बाद 25 को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य छात्रों का प्राथमिक उपचार किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर मिताली सेठी शहादा ग्रामीण अस्पताल पहुंचीं और भर्ती छात्रों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती 20 छात्रों का इलाज ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है, जबकि पांच छात्रों को ऑक्सीजन और ब्लड प्रेशर संबंधी दिक्कत होने के कारण आईसीयू में रखा गया है। हालांकि सभी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है।

कलेक्टर ने कहा कि अधिकांश छात्रों की तबीयत में सुधार हो रहा है और डॉक्टरों की निगरानी के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। प्रशासन ने अस्पताल पहुंचे अभिभावकों के ठहरने और भोजन की भी व्यवस्था की है।

लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

घटना की वजह जानने के लिए छात्रावास में परोसे गए भोजन और छात्रों के उल्टी के नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है। मिताली सेठी ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि छात्रावास के वार्डन, प्रधानाध्यापक और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है और अभिभावकों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

छात्रावास व्यवस्था की होगी समीक्षा

जिला प्रशासन ने अगले दो महीनों तक छात्रावास की व्यवस्थाओं की विशेष समीक्षा करने का फैसला लिया है। कलेक्टर ने कहा कि आवश्यक होने पर जिला निधि से अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के लिए वह स्वयं हर 15 दिन में छात्रावास का निरीक्षण और समीक्षा करेंगी।

Comments are closed.