‘चारों तरफ धुआं ही धुआं था’: बैंकॉक पब हादसे में 27 लोगों की दर्दनाक मौत

1

बैंकॉक पब अग्निकांड: धुएं ने ली 27 लोगों की जान, बाथरूम के पास फंसे मिले कई शव

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में लगी भीषण आग ने 27 लोगों की जान ले ली, जबकि 63 अन्य घायल हो गए। घायलों में 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के दौरान कई लोग जान बचाने के लिए पब के बाथरूम की ओर भागे, लेकिन वहां से बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने के कारण घने धुएं में फंस गए।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। यह हाल के वर्षों में बैंकॉक में हुई सबसे घातक अग्निकांड की घटनाओं में से एक मानी जा रही है।

कुछ ही मिनटों में धुएं से भर गया पब

हादसा सोई लाट फ्राओ 1 रोड के पास स्थित ना लाडप्राओ पब और भोजनालय में हुआ, जहां घटना के समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अधिकारियों ने अब तक 27 मौतों की पुष्टि की है। मृतकों में नौ पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 63 घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर घने धुएं से भर गया। लोगों ने पिछले हिस्से से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन अंधेरा और धुएं के कारण निकास मार्ग तक पहुंचना मुश्किल हो गया।

बाथरूम के पास मिलीं लाशें

थाई अधिकारियों के अनुसार, कई लोग बाथरूम के रास्ते बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वहां कोई वैकल्पिक निकास नहीं था। दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बचाव अभियान के दौरान शौचालयों और निकास द्वार के पास कई शव बरामद किए गए।

बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट ने कहा कि पब के पास आवश्यक अनुमति और अग्नि सुरक्षा निकास मौजूद थे। हालांकि यह जांच की जा रही है कि हादसे के समय सभी निकास द्वार पूरी तरह सुलभ थे या नहीं।

आग से ज्यादा जानलेवा साबित हुआ धुआं

दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश लोगों की मौत आग की लपटों से नहीं, बल्कि जहरीले धुएं के कारण दम घुटने से हुई।

दमकलकर्मी चकरित खोंगकोम ने बताया, “आग बहुत बड़ी नहीं थी, लेकिन धुएं ने पूरे पब को अपनी चपेट में ले लिया था। चारों तरफ धुआं ही धुआं था और ज्यादातर लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।”

गवर्नर चाडचार्ट ने भी कहा कि आग तेजी से छत तक फैल गई, जिससे पूरे परिसर में धुआं भर गया और लोगों के लिए बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया।

बचाव दल को करना पड़ा कड़ी मशक्कत

घटना की सूचना मिलने के करीब पांच मिनट के भीतर दमकल और राहत दल मौके पर पहुंच गया था, लेकिन तब तक आग और धुआं पूरे परिसर में फैल चुके थे। बचावकर्मियों को ऑक्सीजन मास्क पहनकर अंदर प्रवेश करना पड़ा। धुएं और मलबे के बीच जीवित लोगों की तलाश की गई और घायलों को स्ट्रेचर के जरिए बाहर निकाला गया।

चश्मदीदों ने सुनाई खौफनाक आपबीती

पब में प्रस्तुति दे रहे बैंड के एक सदस्य ने बताया कि पहले कुछ देर के लिए बिजली चली गई। इसके बाद मंच के पास धुआं उठता दिखाई दिया और फिर तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं से भर गया।

थाई प्रधानमंत्री अनुतिन ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार मंच के पास स्थित सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलने के बाद बिजली गुल हुई और फिर विस्फोट हुआ। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

मोटरसाइकिल टैक्सी चालक सुरिन जयहारन ने बताया कि उन्होंने लोगों को जलते कपड़ों के साथ बाहर भागते देखा। उन्होंने और अन्य स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की तथा कई लोगों को अस्पताल पहुंचाया।

जांच जारी

अधिकारियों ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आग किस वजह से लगी, क्या सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया था और क्या निकास व्यवस्था में कोई खामी थी।

बता दें कि 2022 में थाईलैंड के माउंटेन बी नाइटक्लब में लगी आग में 25 लोगों की मौत हुई थी। वहीं 2009 में बैंकॉक के संतिका क्लब अग्निकांड में 67 लोगों की जान चली गई थी।

Comments are closed.