महाराष्ट्र TET पेपर लीक केस: बिहार से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी वीरेंद्र कुमार गुप्ता, जांच में खुल सकते हैं बड़े राज
महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी वीरेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। भिवंडी पुलिस की विशेष टीम ने बिहार में अभियान चलाकर उसे दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हवाई मार्ग से पुणे एयरपोर्ट लाया गया, जहां से कड़ी सुरक्षा के बीच उसे भिवंडी ले जाया जा रहा है। पुलिस उसे जल्द अदालत में पेश कर रिमांड की मांग कर सकती है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन पूछताछ की जा सके।
जांच एजेंसियों के अनुसार, टीईटी पेपर लीक मामले में वीरेंद्र कुमार गुप्ता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान पेपर लीक के पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य आरोपियों, आर्थिक लेन-देन और साजिश के तौर-तरीकों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से जांच को नई दिशा मिलेगी और मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। टीईटी पेपर लीक प्रकरण महाराष्ट्र के चर्चित भर्ती घोटालों में से एक रहा है। ऐसे में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को जांच एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे पूरे रैकेट का पर्दाफाश होने की उम्मीद बढ़ गई है।
Comments are closed.