अगस्त महीने की शुरुआत कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर के दाम में बड़ी कटौती की है। यह लगातार दूसरा महीना है, जब कमर्शियल सिलेंडर सस्ता हुआ है। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
एएनआई के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 202 रुपये घटाकर 2,728 रुपये कर दी गई है। इससे पहले इसकी कीमत 2,930 रुपये थी। वहीं, कोलकाता में सिलेंडर 209 रुपये सस्ता होकर अब 2,872.50 रुपये में मिलेगा।
पटना में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 209 रुपये घटाकर 3,018 रुपये कर दी गई है। लखनऊ में इसकी कीमत 3,052.50 रुपये से घटकर 2,860.50 रुपये हो गई है।
कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में इस कटौती से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, कैटरिंग सेवाओं और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलेगी, क्योंकि इन जगहों पर 19 किलो वाले सिलेंडर का सबसे अधिक इस्तेमाल होता है।
वहीं, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पहले जैसी ही बनी हुई हैं। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू सिलेंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में ही उपलब्ध रहेगा।
Comments are closed.