ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अमेरिका फिलहाल ईरान पर कोई नया सैन्य हमला नहीं करेगा।
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सेना पूरी तरह कार्रवाई के लिए तैयार थी, लेकिन संभावित समझौते की दिशा में हुई प्रगति और मध्य पूर्व के देशों के अनुरोध के बाद उन्होंने हमले को टालने का फैसला लिया।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका ने ऐसी सैन्य तैयारियां कर ली थीं, जैसी द्वितीय विश्व युद्ध के बाद शायद ही कभी देखने को मिली हों। इसके बावजूद, ईरान और मध्य पूर्व के अन्य देशों की ओर से सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध मिलने के बाद उन्होंने संयम बरतने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित समझौते के तहत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तुरंत और पूरी तरह से खोलने तथा ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े खतरे को समाप्त करने की रूपरेखा पर सहमति बनी है। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि यदि जल्द अंतिम समझौता हो जाता है तो क्षेत्र में स्थिरता और शांति बहाल करने में मदद मिलेगी।
अपने पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, “अमेरिका ईरान के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार और सक्षम है। हालांकि, ईरान और मध्य पूर्व के अन्य देशों ने संभावित समझौते को देखते हुए हमसे सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया है।”
उन्होंने आगे कहा, “इन अनुरोधों को स्वीकार करते हुए और दुनिया के भविष्य के हितों को ध्यान में रखते हुए मैंने फिलहाल हमले को टालने का फैसला किया है। यह निर्णय एक सफल और समृद्ध ईरान की संभावना तथा क्षेत्र में शांति कायम रखने की उम्मीद के साथ लिया गया है। यदि समझौता जल्द पूरा होता है तो इजरायल भी इस प्रतिबद्धता का हिस्सा होगा। अब सभी पक्षों को मिलकर इसे सफल बनाने के लिए काम करना चाहिए।”
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान को लेकर अमेरिका और इजरायल के रुख पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं। हालांकि, ट्रंप के दावों पर ईरान या अन्य संबंधित देशों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Comments are closed.