जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास बुधवार शाम बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने के दौरान हुए विस्फोट में सेना के दो जवान घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, मेंढर सेक्टर के कंगा गली इलाके में सेना का बम निरोधक दस्ता नियमित गश्त के दौरान पहुंचा था। इसी दौरान टीम को एक बारूदी सुरंग मिली। जब जवान उसे निष्क्रिय करने की कार्रवाई कर रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया, जिससे दो सैनिक घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ रोकने के लिए अग्रिम चौकियों के आसपास बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें बिछाई जाती हैं। हालांकि, भारी बारिश और प्राकृतिक कारणों से कई बार ये सुरंगें अपनी जगह से खिसक जाती हैं। ऐसे में सेना समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर उन्हें खोजने और सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करती है।
इस बीच, पुंछ के नालवा-देगवार तरवान इलाके में मजदूरों को एक जंग लगा संदिग्ध विस्फोटक मिला। सूचना मिलने पर सेना की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
Comments are closed.