Weather Alert: देशभर में आफत वाली बारिश! कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली ने 8 दिन में पार किया अगस्त का कोटा
मानसून ने एक बार फिर देश के कई हिस्सों में रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों और मध्य भारत तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है। दक्षिण भारत के भी कई राज्यों में अगले दो दिनों तक तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं, राजधानी दिल्ली में बारिश ने अगस्त की शुरुआत में ही नया रिकॉर्ड बना दिया है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर महीने की औसत बारिश का आंकड़ा महज 8 दिनों में ही पार हो गया।
MP में भारी बारिश, स्कूल बंद
मध्य प्रदेश के कई जिलों में रविवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। मंडला में लगातार बारिश के कारण नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
डिंडोरी में भारी बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए सोमवार को नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसूनी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश का एक और तेज दौर देखने को मिल सकता है।
UP में 10 से ज्यादा नदियां खतरे के करीब
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं।
प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को भी बारिश का अनुमान है। ललितपुर और महोबा में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार के 20 जिलों में येलो अलर्ट
बिहार में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। IMD ने आज 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश के साथ कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों में जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
Related Posts
अगले कुछ घंटों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कुछ इलाकों के लिए अगले कुछ घंटों का ताजा अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मेघालय: दक्षिण गारो हिल्स और दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स में ऑरेंज अलर्ट।
छत्तीसगढ़: बेमेतरा, बिलासपुर, कबीरधाम, महासमुंद और मुंगेली।
मध्य प्रदेश: अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, दमोह, डिंडोरी, गुना, जबलपुर, मंडला, रायसेन, सागर, सिवनी, शहडोल, उमरिया और विदिशा।
उत्तराखंड: बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़।
IMD ने जारी की सावधानी की एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। घर से निकलने से पहले मौसम और रास्तों की स्थिति की जानकारी लेने को कहा गया है।
बहुत जरूरी न होने पर तेज बारिश और हवाओं के दौरान यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में बारिश ने तोड़ा अगस्त का औसत रिकॉर्ड
राजधानी दिल्ली में इस बार अगस्त की शुरुआत बारिश के लिहाज से बेहद खास रही है। सफदरजंग मौसम केंद्र में महीने के पहले 8 दिनों में ही 230.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।
IMD के 1991 से 2020 तक के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में अगस्त महीने की सामान्य बारिश 226.8 मिलीमीटर है। यानी दिल्ली ने पूरे अगस्त की औसत बारिश का आंकड़ा सिर्फ 8 दिनों में ही पार कर लिया।
शनिवार को समाप्त हुए 24 घंटों में सफदरजंग में 98.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह पिछले दो वर्षों में अगस्त के किसी एक दिन में दर्ज सबसे अधिक बारिश रही। इससे पहले 1 अगस्त 2024 को 107.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई थी।
दिल्ली में लगातार चौथे दिन रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच देश के कई राज्यों में आने वाले दिनों में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
Comments are closed.