कोलंबिया में भूकंप से भारी तबाही, 250 की मौत; 3 हजार लोग लापता

0
दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है।
भूकंप के झटकों से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में 250 लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 3,000 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। भूकंप के तेज झटकों के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्हें घरों व इमारतों से बाहर निकलना पड़ा। राजधानी बोगोटा के अलावा पड़ोसी देशों वेनेजुएला और इक्वाडोर तक भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप का केंद्र बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर पश्चिम में सैन जोस डेल पाल्मार के पास बताया गया है। कोलंबिया की नेशनल यूनिट फॉर डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट के अनुसार, भूकंप 79 किलोमीटर की गहराई में आया। वहीं, अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने इसकी गहराई करीब 107 किलोमीटर बताई है।
चोको प्रांत की गवर्नर नूबिया कैरोलिना कॉर्डोबा-क्यूरी ने बताया कि प्रांतीय राजधानी क्विब्डो में कई लोग घायल हुए हैं और बड़ी संख्या में इमारतों को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने भूकंप के बाद आने वाले झटकों यानी आफ्टरशॉक्स को लेकर भी लोगों को सतर्क किया है।
भूकंप से कई जगह सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण राहत एवं बचाव दलों को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने में मुश्किल हो रही है। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के बीच बचाव दल हेलीकॉप्टर और अन्य साधनों की मदद से प्रभावित इलाकों तक पहुंच रहे हैं।
करीब 20 लाख की आबादी वाले काली शहर में भी कई इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, कुछ इमारतों के मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका है। क्विब्डो में भी बड़े पैमाने पर नुकसान की जानकारी सामने आई है और राहत-बचाव अभियान जारी है।

Comments are closed.