सावन और स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार को वाराणसी में आस्था के साथ देशभक्ति का रंग भी देखने को मिला।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में 15 अगस्त की मंगला आरती के बाद बाबा विश्वनाथ का तिरंगा स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। केसरिया, सफेद और हरे रंग की सजावट में बाबा का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। आरती के बाद मंदिर परिसर ‘हर हर महादेव’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा के तिरंगा स्वरूप के दर्शन कर देश की एकता और अखंडता की कामना की।
इसी क्रम में आराजी लाइन विकासखंड के बंगालीपुर गांव में वीर शहीदों की स्मृति में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल के नेतृत्व में यात्रा बंगालीपुर से शुरू होकर असवारी गेट, भीमचंडी, दीपापुर, कोईलीपुल, ढढोरपुर, बिरसिंहपुर, नरसड़ा, जक्खिनी समेत कई गांवों और प्रमुख स्थानों से गुजरते हुए महागांव जोगापुर पहुंची और फिर बंगालीपुर में समाप्त हुई।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। यात्रा के मार्ग में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। डॉ. महेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य शहीदों के बलिदान को नमन करने के साथ युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Comments are closed.