महाराष्ट्र में कमर्शियल पैसेंजर वाहनों के ड्राइवरों के लिए मराठी की बुनियादी जानकारी अनिवार्य किए जाने के बाद परिवहन विभाग ने राज्यभर में जांच अभियान शुरू कर दिया है।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक के अनुसार, अभियान के पहले दिन 8,217 ड्राइवरों की जांच की गई। इनमें 1,268 ड्राइवर मराठी की जरूरी जानकारी नहीं होने के कारण नियमों का पालन करते नहीं पाए गए और उन्हें नोटिस जारी किया गया। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में 3,995 ड्राइवरों की जांच हुई, जिनमें 604 को नोटिस दिया गया। राज्य के अन्य हिस्सों में 4,222 ड्राइवरों की जांच की गई और 664 ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
नोटिस पाने वाले ड्राइवरों को मराठी की जरूरी जानकारी हासिल करने के लिए एक महीने का समय दिया गया है। तय अवधि में भाषा का ज्ञान हासिल नहीं करने पर उनका बैज तीन महीने के लिए निलंबित किया जा सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों के साथ बेहतर संवाद के साथ-साथ उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए ड्राइवरों का मराठी समझना जरूरी है।
राज्य सरकार ने मई में कमर्शियल पैसेंजर वाहन चालकों के लिए मराठी की बुनियादी जानकारी को अनिवार्य करने की घोषणा की थी। मराठी नहीं बोलने वाले ड्राइवरों के लिए एक विशेष कोर्स भी शुरू किया गया था और उन्हें 15 अगस्त तक इसे पूरा करने का समय दिया गया था।
जांच अभियान के दौरान ड्राइवरों की भाषा क्षमता परखने के लिए 16 सवालों का टेस्ट लिया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान 30 सितंबर तक जारी रहेगा।
Comments are closed.