हेगसेथ से बढ़े तनाव के बीच डैन ड्रिस्कॉल छोड़ेंगे अमेरिकी सेना में शीर्ष पद

0

हेगसेथ से टकराव के बीच डैन ड्रिस्कॉल छोड़ेंगे आर्मी सेक्रेटरी का पद, अमेरिकी सेना में नेतृत्व संकट गहराया

अमेरिकी आर्मी सेक्रेटरी डैन ड्रिस्कॉल इस साल के अंत तक पद छोड़ सकते हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के साथ महीनों से चल रहे मतभेदों के बीच उन्होंने यह फैसला लिया है।

ड्रिस्कॉल के जाने से अमेरिकी सेना के शीर्ष नेतृत्व में एक और महत्वपूर्ण पद खाली हो जाएगा। अप्रैल में हेगसेथ ने आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज को पद से हटा दिया था। उनकी जगह अब तक सीनेट से स्थायी नियुक्ति को मंजूरी नहीं मिली है। फिलहाल जनरल क्रिस्टोफर लानेव कार्यवाहक चीफ ऑफ स्टाफ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

परिवार नॉर्थ कैरोलिना हुआ शिफ्ट

रिपोर्ट के अनुसार, ड्रिस्कॉल और उनका परिवार इस गर्मी में जॉइंट बेस मायर-हेंडरसन हॉल स्थित आधिकारिक आवास छोड़कर नॉर्थ कैरोलिना चला गया। ड्रिस्कॉल ने हालांकि सैन्य बेस पर एक छोटे अपार्टमेंट में रहना जारी रखा।

वेंस से नजदीकी भी बनी वजह

पूर्व आर्मी रेंजर ड्रिस्कॉल उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के लंबे समय से मित्र हैं। ट्रंप प्रशासन की शुरुआत में उन्होंने वेंस और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सैनिकों से मुलाकात और सेना में सुधारों पर चर्चा कराने की पहल की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, इस कदम से हेगसेथ नाराज हुए थे और दोनों के बीच मतभेद बढ़ गए।

इसके बावजूद ड्रिस्कॉल और जनरल रैंडी जॉर्ज के बीच बेहतर तालमेल रहा। दोनों ने अमेरिकी सेना में नई तकनीकों को तेजी से अपनाने पर जोर दिया।

यूक्रेन जाकर जेलेंस्की से की थी मुलाकात

ड्रिस्कॉल यूक्रेन का दौरा भी कर चुके हैं। वहां उन्होंने राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात कर संभावित शांति वार्ता पर चर्चा की थी। उन्होंने यूक्रेन के युद्ध अनुभवों से अमेरिकी सेना को सीखने की जरूरत पर भी जोर दिया।

25 अरब डॉलर से ज्यादा के निवेश का दावा

ड्रिस्कॉल के कार्यकाल में निजी कंपनियों ने अमेरिकी आर्मी बेस पर डेटा सेंटर, खनिज रिफाइनरी और अन्य परियोजनाओं के लिए 25 अरब डॉलर से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता जताई। कांग्रेस की सुनवाई में ड्रिस्कॉल ने हेगसेथ की सीधे आलोचना नहीं की, लेकिन जनरल जॉर्ज का बचाव करते हुए उन्हें “अद्भुत और परिवर्तनकारी नेता” बताया था।

Comments are closed.