निज्जर हत्याकांड में नया मोड़, लीक ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने ली हत्या की जिम्मेदारी

1

खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर कथित लीक ऑडियो में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का बड़ा कबूलनामा सामने आया है।

ऑडियो में बराड़ को खालिस्तान समर्थक आतंकी परमजीत सिंह पम्मा से बातचीत के दौरान निज्जर की हत्या की साजिश में अपनी और अपनी टीम की भूमिका स्वीकार करते हुए सुना जा सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों ने ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज की पहचान गोल्डी बराड़ के रूप में की है। बातचीत में बराड़ कथित तौर पर दावा करता है कि निज्जर को ड्रग तस्करी और युवाओं में नशे के प्रसार से जुड़े लोगों का समर्थन करने के कारण निशाना बनाया गया था।

‘निज्जर युवाओं को ड्रग्स के जाल में धकेलने वालों के साथ था’

लीक ऑडियो में बराड़ कथित तौर पर पम्मा से कहता है कि निज्जर ऐसे लोगों का समर्थन करता था, जो किशोरों को ड्रग्स बेचने के लिए तैयार करते और उन्हें मुखबिर बनने के लिए ब्लैकमेल करते थे। बराड़ के मुताबिक, इन लोगों को मजबूत किया जा रहा था ताकि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल किया जा सके।

बराड़ कथित तौर पर आगे कहता है कि इसी वजह से उसे और उसकी टीम को निज्जर को मारना पड़ा। उसने युवाओं को ड्रग्स के कारोबार में इस्तेमाल किए जाने का हवाला देते हुए कहा कि हर किसी को अपने कर्मों का परिणाम भुगतना पड़ता है।

हत्या के पीछे गैंगवार का एंगल

निज्जर की जून 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड को लेकर भारत और कनाडा के बीच लंबे समय तक राजनयिक तनाव रहा है। अब सामने आए कथित ऑडियो में बराड़ की स्वीकारोक्ति हत्या के पीछे गैंगवार और ड्रग नेटवर्क से जुड़े एंगल को नया आधार देती है।

Comments are closed.