गुरुग्राम में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव, स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई; WFH की अपील
साइबर सिटी गुरुग्राम में सोमवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जिला उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष उत्तम सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और मौसम विभाग व प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने लोगों को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और जलभराव व खराब मौसम के कारण होने वाली ट्रैफिक की समस्या से लोगों को राहत मिल सकती है। उत्तम सिंह ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए प्रशासन के साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से संयम और सावधानी बरतने तथा प्रशासन की ओर से जारी होने वाली जरूरी सूचनाओं पर ध्यान देने को कहा।
सभी स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं
लगातार बारिश, जलभराव और संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा शैक्षणिक संस्थानों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया है।
यह निर्णय विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है, ताकि खराब मौसम के बीच उन्हें आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
Comments are closed.