प्याज की कीमतों पर राहत: दिल्ली में आज से ₹35 किलो बिक्री, इन शहरों में भी मिलेगा सस्ता प्याज

2

दिल्ली में आज से ₹35 किलो मिलेगा प्याज, बफर स्टॉक से इन शहरों में भी होगी सप्लाई

केंद्र सरकार ने प्याज की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली में गुरुवार से 35 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर प्याज की खुदरा बिक्री शुरू करने का फैसला किया है। दिल्ली के साथ चेन्नई, मदुरै, एर्नाकुलम और गुवाहाटी में भी बफर स्टॉक से प्याज भेजा जा रहा है।

केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी गुरुवार को दिल्ली में इस योजना की शुरुआत करेंगे। बाजार में उतारा जा रहा प्याज 2026 के लिए उत्पादक राज्यों में तैयार किए गए 1.21 लाख टन के बफर स्टॉक से लिया गया है। नाफेड, एनसीसीएफ और केंद्रीय भंडार के जरिए इसकी बिक्री की जाएगी।

एनसीसीएफ के प्रबंध निदेशक एनिस जोसेफ चंद्रा ने बताया कि दिल्ली में गुरुवार से रियायती प्याज की बिक्री शुरू होगी और सप्ताहांत तक इसे एनसीआर के अन्य इलाकों में भी पहुंचाया जाएगा। एनसीसीएफ के पास करीब 62 हजार टन प्याज का बफर स्टॉक है।

‘कांदा एक्सप्रेस’ से दिल्ली आएगा 400 टन प्याज

महाराष्ट्र के नासिक से करीब 400 टन प्याज ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए दिल्ली भेजा जा रहा है। इसके गुरुवार तक राजधानी पहुंचने की उम्मीद है। एनसीसीएफ करीब 100 केंद्रीय भंडार स्टोर के माध्यम से इसकी बिक्री करेगा। इसके अलावा करीब 300 आउटलेट पर प्याज बेचने के लिए मदर डेयरी से बातचीत की जा रही है। उपभोक्ताओं तक सीधे प्याज पहुंचाने के लिए मोबाइल वैन भी लगाई जाएंगी।

शुरुआत में 15 मोबाइल वैन चलेंगी, जिन्हें जल्द बढ़ाकर 40 किया जाएगा। रेल रेक के जरिए आने वाली प्याज की खेप का इस्तेमाल चंडीगढ़, लुधियाना, वाराणसी और अन्य शहरों में भी रियायती दर पर बिक्री के लिए किया जाएगा। सरकार का कहना है कि बफर स्टॉक से प्याज बाजार में उतारने का उद्देश्य आपूर्ति बढ़ाना और कीमतों पर दबाव कम करना है।

Comments are closed.