मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने ओमान की खाड़ी में एक ईरानी तेल टैंकर के डूबने का वीडियो जारी किया है।
अमेरिका के मुताबिक, ‘एम/टी काइलो’ को कार्रवाई के दौरान निशाना बनाया गया और आग की लपटों में घिरने के बाद यह समुद्र में डूब गया। CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो साझा करते हुए टैंकर की पहचान ‘एम/टी काइलो’ के तौर पर की। अमेरिकी कमान का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान की ओर से अमेरिकी युद्धपोतों पर किए गए बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के जवाब में की गई।
तीन ईरानी तेल जहाजों पर कार्रवाई
अमेरिकी सेना के अनुसार, कार्रवाई में ईरान के तीन कच्चे तेल वाहक जहाजों को निशाना बनाया गया। इनमें खार्ग द्वीप के पास मौजूद ‘एम/टी डाउनी’ और जास्क के पास ‘एम/टी स्टार्क 1’ को स्थायी रूप से निष्क्रिय किए जाने का दावा किया गया है। वहीं, ओमान की खाड़ी में मौजूद ‘एम/टी काइलो’ पूरी तरह नष्ट होकर डूब गया।
CENTCOM के मुताबिक, अमेरिकी सैन्य बलों ने ईरानी हमलों के दौरान एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और एक गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक को सुरक्षित रखा। अमेरिका ने कहा कि इस दौरान किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
IRGC ने किया अमेरिकी युद्धपोतों पर हमले का दावा
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और एक विध्वंसक पोत पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। IRGC के मुताबिक, अमेरिकी युद्धपोत ईरानी जहाजों की नाकाबंदी और उन्हें परेशान करने की कार्रवाई में शामिल थे।
हालांकि, अमेरिकी पक्ष का कहना है कि उसके युद्धपोत ईरानी हमलों से बच निकले और उन्हें कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा।
हेगसेथ की ईरान को चेतावनी
अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिकी नौसेना पर हमला करने की स्थिति में वाशिंगटन ईरान के तेल टैंकरों को निशाना बनाएगा।
हेगसेथ ने कहा कि ईरान को अमेरिकी नौसेना पर गोली चलाने से बचना चाहिए, क्योंकि ऐसा करने पर उसके तेल टैंकरों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि ईरान का तेल टैंकर बेड़ा अमेरिकी सैन्य शक्ति के सामने बेहद कमजोर स्थिति में है।
CENTCOM के कमांडर ब्रैड कूपर ने भी चेतावनी दी कि अमेरिकी जहाजों पर हमला होने की स्थिति में अमेरिका ईरान को और बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है।
ईरान ने हमलों को बताया युद्ध अपराध
ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी कार्रवाई की निंदा की है। तेहरान ने इन हमलों को संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन बताते हुए इन्हें युद्ध अपराध करार दिया है।
तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने और अमेरिकी-ईरानी सैन्य टकराव बढ़ने से खाड़ी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर तनाव और गहरा गया है।
Comments are closed.