नेपाल में फिर बाढ़ का कहर, पुल-घर बहने से मची तबाही; 2 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट भी क्षतिग्रस्त
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद हालात अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश और बाढ़ का असर जारी है। गोरखा जिले में नमरुंग खोला में आई नई बाढ़ ने एक झूला पुल और चार मकानों को बहा दिया, जबकि दो छोटे जलविद्युत प्रोजेक्ट भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बाढ़ में 1,344 लोगों की मौत, 5 हजार से ज्यादा लापता
नेपाल पुलिस के मुताबिक, देश में बाढ़ और उससे जुड़ी घटनाओं में अब तक 1,344 लोगों की मौत हो चुकी है। 5,000 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं, जिनमें 589 विदेशी नागरिक शामिल हैं। राहत और बचाव अभियान के दौरान करीब 13,400 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
26 अगस्त को तिब्बत में ग्लेशियर टूटने के बाद भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने नेपाल के नौ जिलों में भारी तबाही मचाई थी। बाढ़ में बड़ी संख्या में घर, वाहन, सड़कें, पुल और जलविद्युत परियोजनाएं बह गईं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
चितवन में सबसे ज्यादा तबाही
चितवन सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल है। यहां अब तक 362 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 98 शव उनके परिजनों को सौंपे गए हैं। प्रशासन ने करीब 1,000 शवों को अस्थायी रूप से दफनाया है। वहीं, बड़ी संख्या में लोग अब भी अपने लापता परिजनों की तलाश में अस्पतालों और शवों की तस्वीरों के जरिए जानकारी जुटा रहे हैं।
तिब्बत में फंसे नेपाली नागरिकों की वापसी
तिब्बत में फंसे 431 नेपाली नागरिक तातोपानी सीमा के रास्ते वापस नेपाल लौट चुके हैं। नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, करीब 105 नेपाली अभी भी तिब्बत में फंसे हुए हैं और उन्हें जल्द वापस लाने की कोशिश की जा रही है।
राहत सामग्री की कमी नहीं होने देगी सरकार
सूचना एवं संचार मंत्री बिक्रम तिमिल्सिना ने कहा है कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री की कमी न हो और उसके वितरण में अव्यवस्था न पैदा हो। उन्होंने आपदा की गंभीरता को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से जलवायु न्याय और प्रभावित देशों के प्रति अधिक गंभीरता दिखाने की अपील की।
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए देशभर से करीब 88,000 एलपीजी सिलेंडर जुटाकर काठमांडू में रखे गए हैं। नेपाल ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार, इस अभियान में 18 कंपनियां शामिल हैं। सड़कों और पुलों के टूटने के कारण राहत सामग्री पहुंचाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
नेपाल ने यात्रा सलाह सीमित रखने की अपील की
नेपाल सरकार ने मित्र देशों से अपील की है कि वे पूरे देश के लिए यात्रा प्रतिबंध या व्यापक एडवाइजरी जारी करने के बजाय केवल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक ही अपनी चेतावनी सीमित रखें। सरकार का कहना है कि देश के बाकी हिस्से सुरक्षित हैं और पर्यटन गतिविधियां जारी हैं।
अमेरिका की ओर से यात्रा को लेकर चेतावनी जारी किए जाने के बाद नेपाल का विदेश मंत्रालय विभिन्न मित्र देशों के साथ संपर्क में है। विश्व बैंक के 2024 के आंकड़ों के अनुसार, पर्यटन नेपाल की अर्थव्यवस्था में 6.4 प्रतिशत का योगदान देता है और करीब 15.2 प्रतिशत आबादी के रोजगार से जुड़ा है।
विदेशी पत्रकारों के लिए नए नियम
बाढ़ प्रभावित इलाकों में रिपोर्टिंग करने वाले विदेशी मीडिया संगठनों के पत्रकारों के लिए नेपाल सरकार ने मान्यता और पत्रकार पहचान-पत्र अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए सूचना एवं प्रसारण विभाग की ऑनलाइन सेवा के जरिए आवेदन करना होगा।
आवेदन के साथ पासपोर्ट की प्रति, वैध वीजा या प्रवेश अनुमति और संबंधित मीडिया संस्थान तथा संबंधित दूतावास की सिफारिश जैसे दस्तावेज जमा करने होंगे। जारी होने वाली मान्यता 15 दिनों तक वैध रहेगी।
Comments are closed.