20 लाख डॉलर में बिका ट्रंप का बचपन का घर, कभी खंडहर जैसी थी हालत; ऐसे बदली पूरी तस्वीर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बचपन से जुड़ा न्यूयॉर्क का घर 20 लाख डॉलर में बिक गया है। क्वींस के जमैका एस्टेट्स इलाके में स्थित इस घर के नए खरीदार की पहचान फिलहाल सामने नहीं आई है। ट्यूडर शैली में बना यह मकान ट्रंप के शुरुआती जीवन से जुड़ा हुआ है। ट्रंप करीब चार साल की उम्र तक इसी घर में रहे थे। उनके पिता फ्रेड ट्रंप ने 1940 में जमैका एस्टेट्स के पॉश इलाके में इस घर का निर्माण कराया था।
हालांकि, कई वर्षों से यह प्रॉपर्टी ट्रंप परिवार के स्वामित्व में नहीं है। इस दौरान घर कई बार बिक चुका है। पिछले साल डेवलपर टामी लिन ने पांच बेडरूम और तीन बाथरूम वाले इस घर को 8.35 लाख डॉलर में खरीदा था।
पाइप फटने से बिगड़ गई थी हालत
खरीदे जाने के समय घर लंबे समय से खाली पड़ा था और उसकी हालत काफी खराब हो चुकी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, पाइप फटने से घर में पानी भर गया था और कई हिस्सों में फफूंद लग गई थी। यहां तक कि बिल्लियों के झुंड ने भी घर में डेरा जमा लिया था।
घर को नया रूप देने के लिए लिन ने इसके इंटीरियर का बड़े पैमाने पर नवीनीकरण कराया। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब आठ महीने तक चले इस काम पर उन्होंने लगभग 5 लाख डॉलर अतिरिक्त खर्च किए।
मरम्मत और नवीनीकरण के बाद ट्रंप के बचपन से जुड़ी इस ऐतिहासिक प्रॉपर्टी की कीमत में बड़ा उछाल आया और यह आखिरकार 20 लाख डॉलर में बिक गई।
Comments are closed.