Google Maps पर रास्ता खोजते हुए खदान में गिरी बाइक, घायल युवक पूरी रात गड्ढे में पड़ा रहा

1

Google Maps ने दिखाई बंद सड़क, खदान में जा गिरी बाइक; पूरी रात घायल पड़ा रहा युवक

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले में Google Maps पर दिखाए गए रास्ते का इस्तेमाल करना एक बाइक सवार को भारी पड़ गया। शुक्रवार रात रास्ता खोजते समय उसकी बाइक ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की खदान के गड्ढे में जा गिरी। हादसे में घायल युवक रातभर खदान में फंसा रहा।

शनिवार सुबह मोबाइल लोकेशन के जरिए युवक के भाटमुरा गांव के आसपास होने की जानकारी मिली। इसके बाद पांडवेश्वर पुलिस और ECL की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से युवक को खदान से बाहर निकाला गया और इलाज व स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

बताया गया कि पश्चिम बर्दवान निवासी केबल ऑपरेटर प्रसून बनर्जी शुक्रवार को काम के सिलसिले में पांडवेश्वर पहुंचा था। रात में इलाके की जानकारी नहीं होने के कारण उसने गंतव्य तक पहुंचने के लिए Google Maps पर रास्ता देखा।

मैप के निर्देशों का पालन करते हुए वह भाटमुरा गांव की ओर बढ़ गया। जिस रास्ते पर वह पहुंचा, वह धंसान के कारण पहले ही क्षतिग्रस्त था और वहां लोगों की आवाजाही बंद थी। इसके बावजूद Google Maps पर रास्ता बंद होने की जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं दिखी।

अंधेरे में आगे बढ़ते हुए प्रसून की बाइक अचानक खदान के गड्ढे में जा गिरी। वह घायल होकर वहीं फंस गया। रातभर परिजन उसे फोन करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

सुबह पुलिस की मदद से उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने जेसीबी की सहायता से उसे खदान से बाहर निकाला। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।

Comments are closed.