देश के 20 राज्यों में आज बारिश का अलर्ट, यूपी-बिहार में जमकर बरसेंगे बादल; ओडिशा-छत्तीसगढ़ में रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर, उत्तर भारत के कुछ इलाकों में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है।
दिल्ली-NCR में बारिश के आसार नहीं
दिल्ली-NCR में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। बारिश नहीं होने के कारण दिन में गर्मी का असर महसूस हो सकता है।
यूपी में आज मौसम रहेगा शुष्क
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 25 से 27 सितंबर के बीच राज्य के कुछ इलाकों में आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के कुछ हिस्सों में आज भारी बारिश होने का अनुमान है। IMD ने 24 और 25 सितंबर को राज्य में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
ओडिशा में रेड अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश का खतरा
ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। 23 और 24 सितंबर को कोरापुट, गजपति और गंजाम में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। वहीं, कालाहांडी, नबरंगपुर और मलकानगिरी में 24 और 25 सितंबर को भी भारी बारिश का खतरा बना रहेगा। मौसम की स्थिति को देखते हुए कई इलाकों में स्कूल बंद रखने की सलाह दी गई है।
छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश
छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। राज्य में 23 और 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में भी बारिश का अनुमान
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, झारखंड, असम, मेघालय, कर्नाटक, केरल और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।
राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू
राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
Comments are closed.