अर्नब ने मचाई तबाही! ओडिशा-आंध्र में जलभराव और तेज बारिश, कई स्कूल बंद; 22 राज्यों में अलर्ट

1

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ का असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है।

देर रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच सिस्टम ने उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट को पार किया। इसके बाद दोनों राज्यों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ।

ओडिशा में कई इलाके जलमग्न

चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए दक्षिण ओडिशा के 10 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। मलकानगिरी में चार पुल पानी में डूब गए हैं, जिसके चलते कई मार्गों पर यातायात बाधित हुआ। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी आवाजाही रोक दी गई है।

भद्रक में तेज हवाओं की वजह से मछुआरों की करीब 10 नावें डूबने या क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। चिलिका झील में भी कई नावों को नुकसान पहुंचा और कुछ नावें डूब गईं।

मौसम विभाग ने नबरंगपुर में रेड अलर्ट जारी किया है। यहां 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। वहीं बरगढ़, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

आंध्र प्रदेश में 75 किमी प्रति घंटे तक चली हवा

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। विजयवाड़ा के निचले इलाकों में बारिश के कारण जलभराव हो गया है। कई स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन ने मछुआरों को शुक्रवार सुबह तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों के साथ दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

22 राज्यों में बारिश को लेकर चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना जताई है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश का अलर्ट है।

दिल्ली-एनसीआर और कर्नाटक में हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और केरल में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

यूपी-बिहार में आंधी के साथ बारिश

पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली में शुक्रवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। राजधानी में हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Comments are closed.