फ्लाईदुबई की उड़ान FZ-1073 में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब विमान ने अचानक तेज गोता लगाना शुरू कर दिया।
यात्रियों को पहले लगा कि विमान गंभीर टर्बुलेंस से गुजर रहा है, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि कॉकपिट के भीतर पायलटों के बीच कथित तौर पर हाथापाई हो रही थी। यात्री अल्मोग इटली ने बताया कि विमान करीब 20-30 सेकेंड तक तेजी से नीचे गया। उन्होंने कहा, “विमान नीचे गिरता रहा, फिर संभला और दोबारा नीचे जाने लगा। तभी हमने देखा कि कॉकपिट के पास लोग मौजूद थे।”
उनके मुताबिक, विमान के अगले हिस्से में यात्रियों की भीड़ जमा हो गई थी और कॉकपिट के बाहर अफरातफरी का माहौल था। रिजर्व क्रू ने स्थिति संभाली और विमान को स्थिर किया। अल्मोग ने कहा कि घटना डरावनी थी, लेकिन ज्यादातर यात्रियों ने शांत रहते हुए एक-दूसरे की मदद की।
को-पायलट को काबू करने वाले तीन इजरायली यात्रियों में शामिल जिका मानेस ने इजरायली चैनल-12 को बताया कि हमलावर को नियंत्रित करने में करीब 20-25 मिनट लगे। उन्होंने कहा कि स्थिति बेहद मुश्किल थी, लेकिन उन्होंने तुरंत कार्रवाई करने का फैसला किया।
एएनआई के मुताबिक, मानेस ने दावा किया कि को-पायलट कथित तौर पर चाकू से भारतीय पायलट पर हमला कर रहा था और इसी दौरान वह कॉकपिट के दरवाजे से बाहर गिर गया।
एक अन्य यात्री डेनियल ने दावा किया कि हाथापाई के दौरान उसने चीखें सुनीं और बाहर लाए गए पायलट के शरीर पर खून देखा। उसने हमलावर को काबू करने वाले तीन इजरायली यात्रियों की तारीफ करते हुए उन्हें “असली हीरो” बताया।
डेनियल ने कहा कि जब विमान तेजी से नीचे की ओर जा रहा था और घूम रहा था, तब यात्रियों को लगा कि अब बचना मुश्किल है। उसके मुताबिक, उस वक्त उन्हें 11 सितंबर के हमलों की याद आ गई।
न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, यात्री मिरियम ओहायोन ने इजरायली चैनल i24NEWS को बताया कि कुछ ही मिनटों में विमान पूरी तरह नियंत्रण से बाहर होता महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि यात्रियों ने चीखें सुनीं और कॉकपिट का दरवाजा खुलने पर वहां काफी खून दिखाई दिया।
ओहायोन के मुताबिक, घटना टेकऑफ के करीब दो घंटे बाद शुरू हुई। बाथरूम से लौट रहे एक यात्री ने कॉकपिट के अंदर कथित हाथापाई देखी और तुरंत दूसरे यात्रियों को इसकी जानकारी दी।
मिरियम की मां यास्मिन ओहायोन-अबुकासिस ने बताया कि उनकी बेटी के अनुसार, पायलट मदद के लिए चिल्ला रहा था और एक व्यक्ति चाकू लेकर उस पर हमला कर रहा था।
Comments are closed.