UP PET 2026: यूपी में 35 लाख से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा आज से, 60 शहरों में बनाए गए 1,372 केंद्र
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 रविवार से शुरू हो रही है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से आयोजित यह परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को होगी। परीक्षा के लिए प्रदेश के 60 शहरों में कुल 1,372 केंद्र बनाए गए हैं।
आयोग के अनुसार, परीक्षा छह पालियों में आयोजित की जाएगी। पहले दिन करीब 12 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा की तैयारियों पर CM योगी की नजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर परीक्षा से संबंधित भ्रामक खबरों और अफवाहों पर नजर रखी जाए। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को भी कहा गया।
मुख्यमंत्री ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अभ्यर्थियों को खाने-पीने की वस्तुएं निर्धारित कीमतों पर उपलब्ध हों। किसी भी तरह की मनमानी वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
PET परीक्षा के लिए प्रवेश नियम सख्त
आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचने की सलाह दी है। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड ले जाना अनिवार्य है। उम्मीदवारों की पहचान की पुष्टि के लिए फोटो और आइरिस स्कैन के माध्यम से बायोमीट्रिक डाटा भी लिया जाएगा। सत्यापन की इस प्रक्रिया का उद्देश्य फर्जी अभ्यर्थियों और नकल जैसी गतिविधियों पर रोक लगाना है।
नकल और अनुचित साधनों पर कड़ी कार्रवाई
परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए सख्त कानूनी प्रावधान किए गए हैं। संबंधित प्रावधानों के तहत गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
दूसरी ओर, कुछ उम्मीदवारों ने परीक्षा केंद्र दूर आवंटित किए जाने की शिकायत की है। आयोग के मुताबिक, केंद्रों का आवंटन अभ्यर्थियों की श्रेणी के आधार पर किया गया है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को गृह जनपद में और महिला अभ्यर्थियों को गृह मंडल के जिलों में केंद्र दिए गए हैं। अन्य उम्मीदवारों को उनके गृह मंडल से बाहर नजदीकी मंडल के जिलों में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट के कारण वाराणसी में परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है।
बिहार समेत कई राज्यों के उम्मीदवार होंगे शामिल
UP PET-2026 में उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी परीक्षा देंगे। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की भागीदारी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश, पहचान सत्यापन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश पत्र पर दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें, आवश्यक पहचान पत्र साथ रखें और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।
Comments are closed.