जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो पुलिसकर्मी लापता, कई घंटों बाद भी नहीं मिला सुराग; तलाशी अभियान तेज
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है।
दोनों पुलिसकर्मी बुधवार को जिले के दुर्गम पहाड़ी इलाके से लापता हुए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनकी तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। लापता दोनों अधिकारी पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) में तैनात थे।
ड्यूटी पर नहीं पहुंचे, तलाश शुरू
लापता पुलिस अधिकारियों की पहचान 45 वर्षीय रशपाल कुमार और 57 वर्षीय बाबी चंद के रूप में हुई है। रशपाल का बेल्ट नंबर 65, जबकि बाबी चंद का बेल्ट नंबर 920 है। दोनों किश्तवाड़ जिले के कियार दच्चन क्षेत्र के निवासी हैं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों एसपीओ की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर 17 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) के धरना स्थित टीओबी कैंप में लगाई गई थी। यह कैंप मरवाह सेक्टर में स्थित है। बुधवार को दोनों निर्धारित समय पर ड्यूटी के लिए कैंप नहीं पहुंचे। काफी समय तक उनका पता नहीं चलने पर उनकी तलाश शुरू की गई।
आतंकवाद प्रभावित क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन
सैन्य अधिकारियों के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी दच्छन-मरवाह के सुदूर पहाड़ी इलाके से लापता हुए हैं। यह क्षेत्र आतंकवादी गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। सुरक्षाबलों ने संभावित ठिकानों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गांदरबल में आतंकियों की तलाश
दूसरी ओर, श्रीनगर के नजदीक गांदरबल जिले में भी बुधवार देर रात आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने अभियान चलाया। बताया गया कि इलाके में आतंकियों के एक समूह को देखे जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद संदिग्ध स्थानों पर तलाशी ली गई, लेकिन सुरक्षाबलों को कोई आतंकी नहीं मिला। देर रात तक अभियान जारी रहा।
कुलगाम में CRPF के जवानों पर हमला
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुलगाम जिले में सीआरपीएफ की टीम पर गोलीबारी की घटना भी सामने आई। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक सुरक्षा नाके पर तैनात सीआरपीएफ कर्मियों को निशाना बनाया।
अचानक हुई गोलीबारी में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी।
Comments are closed.