थाईलैंड के लोकप्रिय पर्यटन द्वीप फुकेत में सोमवार तड़के एक कमर्शियल इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया।
इस घटना में कम से कम 11 लोगों की जान चली गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास की कई इमारतों तक फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, आग स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3:17 बजे उस इमारत में लगी, जहां वाहन किराए पर देने का कारोबार किया जाता था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में पर्यटकों के हताहत होने की खबर नहीं
पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल हुए 16 लोगों में 15 थाई नागरिक हैं, जबकि एक व्यक्ति म्यांमार का रहने वाला है। राहत की बात यह है कि मृतकों और घायलों में कोई भी विदेशी पर्यटक शामिल नहीं है।
यह इमारत फुकेत के पश्चिमी तट पर स्थित पातोंग बीच के नजदीक एक कस्बे में है। पातोंग यहां के प्रमुख पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की इमारतें भी इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन कर रहा है।
Comments are closed.