जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेरा; लश्कर कमांडर के छिपे होने की आशंका
कुलगाम में आतंकियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़, CRPF हमले की साजिश में लश्कर कमांडर लतीफ भट का खुलासा
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार सुबह आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया है। कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुठभेड़ की जानकारी दी।
दूसरी ओर, पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ में मारे गए आतंकी उमर निसार डार की गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। जांच में सामने आया है कि उमर ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर 11 नवंबर को सीआरपीएफ जवानों पर हमले की साजिश तैयार की थी।
पुलिस द्वारा जारी सीसीटीवी फुटेज में दोनों आतंकियों की संदिग्ध गतिविधियां दर्ज हैं। फुटेज के अनुसार, 10 नवंबर को उमर और लतीफ ने मीर बार, अखरान, हबलिश और किलाम सहित कई स्थानों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की रेकी की थी। इसके अगले दिन 11 नवंबर को अखरान स्थित सीआरपीएफ नाके पर हमला करने के बाद दोनों वहां से फरार हो गए थे।
इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे। बाइक पर सवार हमलावरों ने जवानों पर गोलियां चलाई थीं।
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि उमर निसार डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह पिछले पांच से छह महीनों से लश्कर कमांडर लतीफ भट को पनाह देने और उसकी मदद करने में जुटा था।
Comments are closed.