UN में फलस्तीन के समर्थन में भारत ने डाले वोट, महासभा के प्रस्तावों के पक्ष में मतदान; इजरायल ने किया विरोध
फलस्तीन के समर्थन में भारत का UN में मतदान, स्वतंत्र राष्ट्र और शरणार्थियों के अधिकारों से जुड़े प्रस्तावों का किया समर्थन
भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में फलस्तीन के मुद्दे पर अपना समर्थन जारी रखते हुए कई प्रस्तावों के पक्ष में मतदान किया है। इन प्रस्तावों में फलस्तीनी जनता के आत्मनिर्णय के अधिकार, शरणार्थियों को अंतरराष्ट्रीय सहायता और कब्जे वाले इलाकों में इजरायली बस्तियों के विस्तार पर रोक लगाने की मांग शामिल है। इजरायल ने इन प्रस्तावों का विरोध किया।
193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र महासभा में बुधवार को विभिन्न प्रस्तावों पर मतदान कराया गया। भारत ने फलस्तीनी लोगों के स्वतंत्र राष्ट्र स्थापित करने के अधिकार से जुड़े प्रस्ताव का समर्थन किया। यह प्रस्ताव 162 देशों के पक्ष में मतदान के साथ पारित हुआ, जबकि आठ देशों ने इसके खिलाफ वोट दिया।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र की फलस्तीनी शरणार्थियों के लिए राहत एवं कार्य एजेंसी (UNRWA) की गतिविधियां जारी रखने के प्रस्ताव के पक्ष में भी मतदान किया। इस प्रस्ताव को 143 देशों का समर्थन मिला, जबकि अमेरिका और इजरायल समेत नौ देशों ने इसका विरोध किया।
इसके साथ ही भारत ने फलस्तीनी शरणार्थियों की संपत्तियों और उनसे प्राप्त होने वाली आय पर उनके अधिकारों की पुष्टि करने वाले प्रस्ताव का भी समर्थन किया। इसे महासभा में 155 देशों का समर्थन प्राप्त हुआ।
इजरायली बस्तियों के खिलाफ प्रस्ताव के पक्ष में भी भारत
भारत ने कब्जे वाले फलस्तीनी क्षेत्रों, पूर्वी यरुशलम और कब्जे वाले सीरियाई गोलान में इजरायली बस्तियों को अवैध बताते हुए उनकी गतिविधियां तत्काल बंद करने की मांग वाले प्रस्ताव का भी समर्थन किया। इस प्रस्ताव के पक्ष में 143 देशों ने मतदान किया।
वहीं, भारत में फलस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश ने दोनों देशों के पुराने और ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए भारत के रुख की प्रशंसा की। उन्होंने फलस्तीनी जनता के अधिकारों के समर्थन और दो-राष्ट्र समाधान के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को अहम बताया।
Comments are closed.