नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज पहुंचेंगे दिल्ली, पीएम मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता; सीमा सुरक्षा और ऊर्जा सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा

0

पहली विदेश यात्रा पर भारत आएंगे नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह, मोदी के साथ ऊर्जा और व्यापार समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। मार्च में प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। इस दौरे के दौरान भारत और नेपाल के बीच राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को लेकर व्यापक बातचीत होगी।

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को दोनों देशों की साझेदारी की समीक्षा करने और आपसी सहयोग को नई गति देने का अहम अवसर बताया है। शाह के साथ 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। इसमें वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, मुख्य सलाहकार कुमार ब्यान्जंकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

पीएम मोदी के साथ सोमवार को होगी अहम बैठक

बालेन्द्र शाह सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच चल रही विकास परियोजनाओं और भविष्य के सहयोग पर चर्चा होगी। बैठक के बाद दोनों नेता ऊर्जा क्षेत्र की कई परियोजनाओं का संयुक्त उद्घाटन करेंगे। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

कार्यक्रम के तहत दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। पीएम मोदी नेपाली प्रधानमंत्री के सम्मान में भोज भी आयोजित करेंगे। शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने के साथ राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। इसके अलावा वह नेपाल-भारत बिजनेस फोरम में भी शामिल होंगे।

तकनीक, खेल और हवाई संपर्क भी एजेंडे में

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि बातचीत में विकास परियोजनाओं, ऊर्जा, परिवहन संपर्क और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान रहेगा। इसके साथ ही स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे उभरते क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। क्रिकेट के क्षेत्र में सहयोग भी एजेंडे का हिस्सा हो सकता है।

नेपाल में अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए भारत की मदद पर भी चर्चा होने की संभावना है। इस आपदा में लगभग 1,500 लोगों की मौत हुई थी और 5,200 से अधिक लोग लापता बताए गए थे।

इसके अलावा नेपाल भैरहवा और पोखरा के लिए पश्चिमी दिशा से अतिरिक्त वाणिज्यिक उड़ान मार्ग की मांग भी उठा सकता है। इस यात्रा से दोनों पड़ोसी देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और क्षेत्रीय संपर्क को लेकर सहयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

Comments are closed.