हरिद्वार अर्द्धकुंभ 2027 की तैयारियां तेज, 21 करोड़ श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान; 4 राज्यों से मांगा पुलिस बल
अर्द्धकुंभ 2027 के लिए हरिद्वार में सुरक्षा का बड़ा प्लान, 21 करोड़ श्रद्धालुओं की भीड़ संभालने की तैयारी
उत्तराखंड के हरिद्वार में जनवरी 2027 से शुरू होने वाले अर्द्धकुंभ को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस धार्मिक आयोजन में 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की संभावित आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है।
मांगे गए बल में नागरिक पुलिस, यातायात पुलिस, अग्निशमन विभाग, खुफिया इकाइयों और पीएसी के जवान शामिल हैं। उपलब्ध कराए जाने वाले पुलिसकर्मियों को मेले के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
चार राज्यों में उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा पुलिस बल मांगा गया है। प्रस्ताव के मुताबिक, राज्य से नागरिक पुलिस के 2,195 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 330, फायर सर्विस के 187 और इंटेलिजेंस के 200 कर्मियों की जरूरत बताई गई है। इसके अलावा पीएसी की 48 कंपनियां मांगी गई हैं, जिनमें 45 पुरुष, दो महिला और एक फ्लड कंपनी शामिल है।
हरियाणा से नागरिक पुलिस के 1,105 जवानों के साथ ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर सर्विस के 100 और इंटेलिजेंस के 45 कर्मियों की मांग की गई है। इसके अलावा पीएसी की 12 कंपनियां उपलब्ध कराने को कहा गया है।
दिल्ली से नागरिक पुलिस के 55, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर सर्विस के 58 और इंटेलिजेंस के 18 जवान मांगे गए हैं। हिमाचल प्रदेश से 555 नागरिक पुलिसकर्मी, 65 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, 36 फायरकर्मी और 18 इंटेलिजेंस कर्मियों के अलावा पीएसी की 12 कंपनियों की मांग भेजी गई है।
तीन राज्यों से आएंगी घुड़सवार पुलिस की टीमें
अर्द्धकुंभ के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी और सुरक्षा के लिए घुड़सवार पुलिस की भी मदद ली जाएगी। इसके तहत उत्तर प्रदेश से 15 घोड़े और 35 जवान, मध्य प्रदेश से 20 घोड़े और 20 जवान तथा राजस्थान से 20 घोड़े और 20 जवान तैनात किए जाएंगे।
आतंकवादी गतिविधियों और अन्य संभावित खतरों से निपटने के लिए विशेष सुरक्षा दस्तों को भी जिम्मेदारी दी जाएगी। पहले और दूसरे चरण में एटीएस की छह टीमें तैनात होंगी। प्रत्येक टीम में 12 जवान रहेंगे। इसके साथ ही एनएसजी की छह टीमें और साइबर कमांडो की 25 टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होंगी।
2010 के कुंभ की तुलना में डेढ़ गुना अधिक फोर्स
श्रद्धालुओं की अनुमानित संख्या को देखते हुए इस बार सुरक्षा बलों की तैनाती का दायरा बढ़ाया जा रहा है। वर्ष 2010 के कुंभ में करीब 4.35 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया था, जबकि 2027 के अर्द्धकुंभ में 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2010 के मुकाबले लगभग डेढ़ गुना अधिक पुलिस बल लगाने की योजना तैयार की गई है।
पुलिस विभाग के शुरुआती आकलन में नागरिक पुलिस के 6,393 निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षियों की आवश्यकता बताई गई है। इसके अलावा पीएसी की 54 सामान्य कंपनियां, तीन महिला कंपनियां, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 100 कंपनियां और होमगार्ड व पीआरडी के 4,000 जवानों की तैनाती प्रस्तावित है।
Comments are closed.